तालग्राम। दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पति सहित छह लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है।
फर्रुखाबाद थाना कमालगंज गदनपुर निवासी इंद्रानी देवी पुत्री जगदीश चंद्र ने बताया कि उसकी शादी 8 जुलाई 2019 को कन्नौज थाना तालग्राम रोहली गांव निवासी अनूप सिंह के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज में बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर आए दिन मारपीट व उत्पीड़न करने लगे। गुरुवार को भी ससुरालियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि मामले की जांच सीओ शिव प्रताप सिंह कर रहे हैं।