कन्नौज। शहर के लाखन तिराहे पर लगे जाम को खुलवा रहे होमगार्ड से बाइक सवार युवक झगड़ा करने लगा। मामला बढ़ने पर बाइक सवार युवक ने ईंट मारकर होमगार्ड का सिर फोड़ दिया।
तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव विरिया हार निवासी हरिबाबू दोहरे (40) होमगार्ड हैं। मौजूदा समय में सदर कोतवाली में उसकी ड्यूटी लगी है। सोमवार शाम करीब पांच बजे वे लाखन तिराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान जाम लग गया। जाम खुलवाते समय बाइक से गुजर रहे दीदारगंज मोहल्ला निवासी विपिन कुशवाहा से बाइक हटाने को लेकर हरिबाबू की कहासुनी होने लगी।
इस दौरान बाइक से उतरकर रोड पर ईंट उठाकर विपिन ने हरिबाबू के सिर पर ईंट मार दी। हरिबाबू घायल हो गया। पीड़ित ने सदर कोतवाली में विपिन कुशवाहा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।