छिबरामऊ। क्षेत्र के विकूपुर गांव के चार लोगों से स्वास्थ्य विभाग में सुपरवाइजर की नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पांच माह तक नौकरी करने के बाद इन लोगों को मानदेय नहीं मिला। अब पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के ग्राम विकूपुर की रहने वाली दिव्या, अमन, विमल व सौरभ ने बताया कि ऊसराहार जिला इटावा के रहने वाले एक युवक ने उनसे 15 महीने पहले स्वास्थ्य विभाग में सुपरवाइजर के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख बीस हजार रुपये लिए थे। रुपये लेने के बाद उनको प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैसापुर, इंदरगढ़, विशुनगढ़ व मढ़पुरा में सुपरवाइजर के पद पर तैनाती दे दी गई। उनको आईकार्ड भी जारी कर दिया गया। पांच माह तक नौकरी करने के बाद भी उनको मानदेय नहीं दिया गया। बाद में रुपये लेने वाले युवक ने नौकरी में जालसाजी होने की बात कही। जब उन लोगों ने अपने रुपये मांगे तो युवक ने इनकार कर दिया। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।