गुरसहायगंज। कस्बा की पुलिस चौकी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव कई घंटे तक लावारिस हालत में पड़ा रहा। रूट मार्च पर निकले पुलिस अधिकारियों की नजर शव पर गई, तो कार्रवाई की गई। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
कस्बे के मुख्य चौराहे के पास स्थित पुलिस चौकी के पास जल रहे अलाव के पास सोमवार सुबह एक शव मिला। रहागीरों ने चौकी पुलिस को शव की सूचना दी। कई घंटे बीत जाने के बाद पुलिस कर्मियों ने शव की ओर ध्यान नहीं दिया। दोपहर बाद रूट मार्च को निकले अधिकारियों की नजर शव पर पड़ी, तो पुलिस अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को फटकार लगाई। इसके बाद चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेज दिया है।
कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि आसपास लोगों ने बताया कि मृतक भिक्षा मांग कर अपना जीवन यापन करता था। रात में सर्दी लगने से मौत हो गई होगी।