सौरिख। तीन साल से न्यायालय से गैरहाजिर चल रहे दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने पड़ोसी जनपद इटावा से गिरफ्तार कर लिया। युवक जमानत पर छूटने के बाद से गायब था। न्यायालय युवक की कुर्की का भी आदेश जारी कर चुकी है।
थाना क्षेत्र के निजामपुर गढ़िया गांव निवासी धर्मवीर पर आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2015 में 15 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म सहित पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जमानत पर आने के बाद आरोपी लगातार न्यायालय से अनुपस्थित था। कई बार गैर जमानतीय वारंट भी जारी किया गया था, लेकिन इसके बाद भी वह न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ। इस पर न्यायालय ने आरोपी की चल-अचल संपत्ति को कुर्क करने के आदेश जारी कर दिए। रविवार को खड़िनी चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह ने मुखबिर की सूचना पर इटावा के जसवंत नगर के उतराई गांव से आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।