सौरिख। क्षेत्र के गांव गढ़िया में निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग और पथराव हो गया। इससे गांव में सनसनी फैल गई और दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
क्षेत्र के गढ़िया गांव निवासी रोहित कुमार लोक निर्माण विभाग झांसी में एई के पद तैनात हैं। रविवार को गांव के बाहर जमीन पर निर्माण करा रहे थे।इस दौरान पड़ोसी प्रमोद कुमार से निर्माण को लेकर विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझौता भी कराया, लेकिन शाम को दोनों पक्ष फिर झगड़ गए। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच फायरिंग और पथराव शुरू हो गया। जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने दोनों पक्षों से एक-एक लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य लोग भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।