कन्नौज। दहेज में पांच लाख रुपयों की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। दिल्ली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इससे मायके आकर पीड़िता ने पति और सास-ससुर के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
शहर के बालापीर मोहल्ला निवासी कन्हैया लाल राठौर ने 12 फरवरी 2017 को बेटी आरती की शादी दिलीप उर्फ अनुज (निवासी खजुरिया नगला रजीपुर कमालगंज फर्रुखाबाद) के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद दिलीप पत्नी आरती, पिता नरेश चंद्र और मां सुषमा के साथ डी-350 जेजे कालोनी सकूरपुर सरस्वती विहार थाना सुभाष पैलेस नई दिल्ली में मकान लेकर रहने लगा। कन्हैया लाल ने बताया कि यहां दिलीप कुमार अपने माता-पिता के साथ मिलकर पत्नी आरती से दहेज में पांच लाख रुपयों की मांग करने लगा। दिल्ली पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी तब यहां सदर कोतवाली में आरती ने पति दिलीप कुमार, ससुर नरेश चंद्र और सास सुषमा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पांच लाख रुपयों की मांग कर रहे। मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया।