कन्नौज। शहर के गोल कुआं चौराहे पर गैस पाइप लाइन डाल रहे कर्मचारियों का देसी शराब ठेका के सेल्समैन से विवाद हो गया। जानकारी होने पर दोनों पक्षों के लोग पहुंच गए और मारपीट होने लगी। इस दौरान भागने के प्रयास में सेल्समैन छत से गिरकर घायल हो गया।
उन्नाव जनपद के थाना डौंडिया खेड़ा निवासी विक्रम पांडेय शहर में अंडरग्राउंड घरेलू गैस पाइप लाइन डलवाने का काम करा रहे हैं। रविवार सुबह शहर के गोल कुआं पर गैस एजेंसी रोड पर काम चल रहा था। इस दौरान देसी शराब ठेका के सेल्समैन राजू सैनी (निवासी बगियापुर बिल्हौर कानपुर नगर) ठेका के पास अंडा, पूड़ी सब्जी के ठेले लगाने वाले दुकानदारों को गैस कनेक्शन देने की बात कहने लगा। इसी बात को लेकर विक्रम पांडेय और राजू सैनी के बीच विवाद हो गया। सेल्समैन के पक्ष में स्थानीय दुकानदार आ गए तो मामले की जानकारी मिलने पर गैस पाइप लाइन डाल रहे अन्य कर्मचारी और श्रमिक भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट होने लगी। इससे अफरातफरी मच गई। इस बीच सेल्समैन ठेका की छत पर चढ़कर भागने लगा और वह नीचे गिर कर घायल हो गया। सदर कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।