कन्नौज। तिर्वा तहसीलदार पर जमीन को पुलिस बल के साथ जुतवाकर कब्जा दिलाने का आरोप लगाते हुए एक युवक ने कलक्ट्रेट में धरना दिया।
तिर्वागंज क्षेत्र के रहने वाले शिवकुमार ने बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में डीएम दफ्तर के बाहर धरना दिया। तिर्वा तहसीलदार पर आरोप लगाया कि अहेर गांव में उसकी जमीन का मुकदमा एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन है। तहसीलदार ने भूमाफिया के साथ मिलकर 25 साल पुराने कब्जे की जमीन को पुलिस बल के साथ पहुंच कर जुतवा दिया। शिवकुमार ने जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र को प्रार्थना पत्र देकर जमीन कब्जा मुक्त कराने की मांग की।
तहसीलदार अनिल कुमार सरोज का कहना है कि भूमाफिया को कब्जा दिलाने की बात निराधार है। जिलाधिकारी के आदेश पर कुछ दिनों पहले एक जमीन की पैमाइश कराई गई थी। मुुझ पर आरोप बेबुनियाद है।