कन्नौज। चुनाव आयोग की गाइड लाइन को धता बताकर विजय जुलूस निकाल रहे लोगों को रोकने पर समर्थकों ने इंस्पेक्टर के साथ हाथापाई कर वर्दी फाड़ दी। घटना की सूचना मिलते ही जनपद के आला अधिकारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। पुलिस ने इस संबंध में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
हसेरन विकास खंड की ग्राम पंचायत नादेमऊ से प्रधान पद की प्रत्याशी मौर्यश्री की जीत के बाद उनके पुत्र अमित अपने समर्थकों के साथ जुलूस निकाल रहे थे। जुलूस की जानकारी मिलते ही इंदरगढ़ थाना प्रभारी विमलेश कुमार मय पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी के समझाने के बावजूद अमित व उनके समर्थक नहीं माने। पुलिस ने अपना सख्त रूप दिखाया तो अमित व उनके समर्थक पुलिस से भिड़ गए। इस दौरान थाना प्रभारी के साथ हाथापाई कर उनकी वर्दी फाड़ दी। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी राकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा व पीएसी बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके पर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस पार्टी पर हमला करने वाले लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आरोपी अमित यादव के कोल्ड स्टोरेज व उनके गांव सराय ठेकू में छापामारी की। इस दौरान कोल्ड स्टोरेज से पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इसके साथ एक स्कार्पियो गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। अमित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गैर जनपद में भी संपर्क किया है।