गुरसहायगंज। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव मिरगावां के पास कानपुर-कासगंज रेलवे ट्रैक पर एक युवक ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।
सोमवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे कानपुर की ओर जा रही छपरा एक्सप्रेस के आगे कूदकर जान देने वाले युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष है। घटना के कारण कुछ देर तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। रेलवे ट्रैक के पास काम कर रहे श्रमिकों ने बताया कि युवक काफी देर से रेलवे ट्रैक के पास घूम रहा था। घटना से कुछ देर पहले भी युवक एक ट्रेन के आने पर ट्रैक पर बैठा था, लेकिन तब श्रमिकों ने उसे टोक दिया था तो वह से हट गया था। (संवाद)