सौरिख (कन्नौज)। ननिहाल से इटावा घर जा रहे युवक की बाइक में एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने फोन कर परिजनों को हादसे की जानकारी दी। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र के उनवा संतोषपुर गांव निवासी अतुल ( 22) शनिवार को इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के मढ़पुरा गांव में मामा राकेश कुमार के यहां आया था। रात करीब 11 बजे घर जाते समय एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर नगला झाबर गांव के पास युवक की बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने 108 एंबुलेंस से घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल कर्मियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। एसआई आलम सिंह ने बाइक के कागजों से शव की शिनाख्त कर घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में छोटा था। हादसे से मां सरला देवी का हाल बेहाल हो गया है।