छिबरामऊ (कन्नौज)। रोडवेज बस में बीमार महिला की रास्ते में मौत हो गई। चालक और परिचालक ने मानवता को शर्मसार करते हुए महिला के बेटे को शव के साथ बाईपास पर उतार दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
जनपद एटा के थाना जरिया अंतर्गत ग्राम पथखुरी निवासी मिथलेश उर्फ मझली (45) को पेट में समस्या थी। इस कारण उसका पुत्र जयनारायन कानपुर इलाज के लिए ले गया था। हालत में सुधार न होने पर बुधवार को लौट रहे थे। जयप्रकाश का आरोप है कि तबीयत खराब होने के बाद भी परिचालक ने उसकी मां को पीछे की सीट पर बैठा दिया। सड़क खराब होने के कारण धचके लगने से रास्ते में मां की मौत हो गई। एटा तक की टिकट होने के बाद भी चालक व परिचालक ने मां के शव के साथ उसे पश्चिमी बाईपास पर उतार दिया। यहां खड़े एक टेंपो में शव को रखवाया और बस को लेकर वहां से भाग गए।
युवक को रोते बिलखते देख लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
इधर, कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि हालत बिगड़ने पर जयनारायन अपनी मां को बस से उतारकर इलाज के लिए सौ शैया अस्पताल ले गया होगा। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वाहन की व्यवस्था कराकर शव को उसके गांव भिजवा दिया गया है।