तिर्वा/इदंरगढ़। इंदरगढ़ कस्बे के पटेल नगर तिराहे के पास ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे रिक्शे पर सवार मासूम की मौत हो गई। जबकि उसकी दादी घायल हो गईं। पुलिस ने दादी को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।
इंदरगढ़ थानाक्षेत्र के चंदुआहार गांव निवासी सोनू राजावत ने बताया कि रविवार को उसकी चाची सीमा (62) उसके दो वर्षीय बेटे सूर्यांश को लेकर ई-रिक्शा से नई बस्ती गांव में एक जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। पटेल नगर तिराहे के पास एकाएक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे सूर्यांश व सीमा दोनों ई-रिक्शा के नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनो को किसी तरह बाहर निकाला। हादसे की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस घायल दादी व पौत्र को उपचार के लिए मेडिकल कालेज ले गई। वहां डॉक्टरों ने सूर्यांश को मृत घोषित कर दिया। सीमा का अभी वहां भर्ती हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही सीमा व सूर्यांश के घर में कोहराम मच गया। रिश्तेदारों ने दुखी परिजनों को सांत्वना देकर शांत कराया। थानाध्यक्ष रुद्र प्रताप नरायन वाजपेई ने बताया कि मासूम और घायल के परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।