तालग्राम। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के छिबरामऊ मार्ग पर बने अंडर पास पर तेज रफ़्तार आटो और बाइक की भिड़ंत हो गई। इसके बाद आटो पलट गया। इससे चालक की मौत हो गई। जबकि, उसका बेटा और एक बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
फर्रुखाबाद जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र के सिमरिया गांव निवासी आज्ञाराम (40) अपने बेटे आकाश (16) के साथ आटो से अपनी ननिहाल खानपुर कसाबा आए थे। गुरुवार शाम करीब चार बजे यहां से दोनों आटो से कन्नौज में रह रहे एक मामा के घर जा रहे थे। तालग्राम-छिबरामऊ मार्ग पर बने अंडर पास पर मुसाफिरपुर निवासी कमल सिंह (26) की बाइक से आटो की भिड़ंत हो गई। इससे आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। बाइक पर हाजिरपुर निवासी बबलू (28) तालग्राम कस्बा का अंन्नू उर्फ अन्ना (25) भी थे। सभी लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन घायलों को सीएचसी भेजा। जबकि, दो निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराने के लिए चले गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने आज्ञाराम को मृत घोषित कर दिया। पुुिलस ने क्षतिग्रस्त आटो को थाने खड़ा करा दिया गया है। आज्ञाराम के घायल बेटे आकाश ने बताया कि कुछ दिन पहले ही पिता ने आटो खरीदा था। आटो चलाकर ही परिवार का गुजर बसर होती थी। परिवार में उसकी मां अंजू और एक छह साल का भाई छोटू है। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।