हसेरन। सड़कों पर आवारा घूम रहे अन्ना मवेशी से बचने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रोड किनारे खाई में पलट गया। ट्रैक्टर का चालक दबने के बाद भी बाल-बाल बच गया। ट्रैक्टर मालिक सहित गांव के कई लोग एकत्रित हो गए।
हसेरन के पट्टी गांव निवासी बृजेश कुमार का ट्रैक्टर लेकर चालक ओमप्रकाश बुधवार को निजी कार्य से हसेरन जा रहा था। ट्रैक्टर की ट्राली खाली थी। गांव और हसेरन के बीच भारतीय जनता इंटर कॉलेज से करीब डेढ़ सौ मीटर पहले सड़क पर अन्ना मवेशी से बचने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। ट्रैक्टर चालक उसमें दब गया। ट्रैक्टर पलटने की सूचना मिलते ही गांव से कई लोग मौके पर पहुंच गए। ट्रैक्टर में दबे चालक को किसी तरह बाहर निकाला गया। चालक को चोट नहीं आई। सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने मामले की जांच की। जेसीबी मशीन की सहायता से बड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर ट्राली को बाहर निकाला गया। बता दें कि मंगलवार को भी इसी जगह एक्सीडेंट होने से बाइक सवार की मौत हो गई थी।