कंटेनर में जली पड़ी बाइकें। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
मानीमऊ (कन्नौज)। शहर के हरदोई रोड पर सोमवार देर रात बाइकों से भरे कंटेनर में हाईटेंशन लाइन का तार छू जाने से आग लग गई। आग से हीरो कंपनी की 103 बाइकें जल गईं। चालक और परिचालक ने कूदकर जान बचाई। एक घंटे देर से पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। हादसे में कंटेनर और बाइकें मिलाकर करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।
राजस्थान के भरतपुर निवासी कंटेनर चालक चेतराम सिंह ने बताया कि कंटेनर में बाइकें लाद कर वे हरिद्वार से कोलकाता जाने के लिए निकले थे। सोमवार रात सदर कोतवाली क्षेत्र के हरदोई रोड पर कंटेनर को सड़क किनारे करते वक्त हाईटेंशन लाइन का तार छू गया। स्पार्किंग होने के साथ कंटेनर में आग लग गई। उन्होंने और परिचालक ने कूदकर जान बचाई। स्थानीय लोगों ने कंटेनर जलता देख अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। करीब एक घंटे बाद टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। सदर कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने मौके पर पहुंच कर हादसे की जानकारी ली।