तिर्वा (कन्नौज)। तेज रफ्तार पिकअप ने आटो में टक्कर मार दी। आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में नौ लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कोतवाली क्षेत्र के अहेर गांव के पास रविवार को तेज रफ्तार पिकअप ने आटो में जोरदार टक्कर मार दी। आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। आटो में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने आटो में फंसे लोगों का बाहर निकाला।
इसमें कानपुर देहात के उसरी निवासी रंजीन (30), कन्नौज के मालिकापुर निवासी खुशबू (7), तिर्वा कोतवाली के विनौरा गांव निवासी रामसरन (65), औरैया के पूर्वातरा गांव निवासी रावेंद्र कुमार (30), कन्नौज के मोचीपुर गांव निवासी राजा (41), ठठिया थाना क्षेत्र के उमरायपुर्वा गांव निवासी मैमो देवी (60) व सृष्टि देवी (24), औरैया के प्रतापपुर गांव निवासी सोनी (9) पुत्री राजू सिंह को गंभीर चोटें आईं। उन्हें पुलिस ने मेडिकल कॉलेज मे भर्ती कराया। चालक पिकअप लेकर भाग गया। कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।