शहर के मुख्य मार्गों पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों
की अब शामत आएगी। पुलिस की क्रेन इन वाहनों को उठाकर कोतवाली में ले जाकर
खड़ा कर देगी। तब वाहन को छुड़ाने को जुर्माना अदा करना पड़ेगा। मंगलवार को
एसपी कलानिधि नैथानी ने ट्रैफिक बूथ के पास झंडी दिखाकर क्रेन को रवाना
किया।
शहर के मुख्य मार्गों के किनारे अक्सर लोग अपने चार पहिया एवं
दोपहिया वाहनों को लावारिस अवस्था में छोड़कर अपना काम निपटाने के लिए चले
जाते हैं। इससे मार्गों पर जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। कई बार पुलिस
इन वाहनों के चालकों को तलाशती रहती है, पर उनका कोई पता नहीं चलता है।
पुलिस के पास इन वाहनों को उठाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। इस कारण
वाहन चालक भी मनमानी कर रहे थे। एसपी ने इन्हीं बेतरतीब वाहनों को उठाने के
लिए क्रेन की व्यवस्था की है। मंगलवार को यातायात पुलिस के सुपुर्द
क्रेन को कर दिया गया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर क्रेन को यातायात बूथ से
रवाना किया।
इसके बाद वाहनों को किस तरह क्रेन उठाकर कोतवाली ले जाएगी,
इसका सरेआम रिहर्सल किया गया। एक लोडर को पिछले पहियों के सहारे उठाकर
क्रेन रवाना हुई। इस दृश्य को देखने के लिए जीटी रोड किनारे दर्जनों की
तादात मे पुलिस व आम नागरिक मौजूद थे, वहीं जनता को नसीहत दी गई कि वह अपने
वाहन सही स्थान पर खड़ा करें। ऐसा करके ही वे पुलिस के झंझट व जुर्माना से
बच सकेंगे।