तिर्वा। तहसील परिसर में जल्द ग्राम न्यायालय शुरू कर दिया जाएगा। इससे किसानों को जमीन व पारिवारिक मुकदमों के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। जिला जज प्रवीण कुमार जैन ने ग्राम न्यायालय शुरू कराने की कवायद को लेकर तहसील परिसर का निरीक्षण किया।
न्यायालय खोलने की मांग पर तहसील प्रशासन ने पिछले साल ही तहसील का एक कमरा निर्धारित कर वहां पर न्यायालय में प्रयोग आने वाले फर्नीचर को तैयार करा दिया था। रविवार को तहसील पहुंचे जिला जज प्रवीण कुमार जैन ने तहसील परिसर में बने ग्राम न्यायालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां पर सभी व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मार्च तक ग्राम न्यायालय शुरू कराने की बात कही। तहसीलदार अनिल कुमार सरोज ने बताया कि जिला जज प्रवीण कुमार जैन ने ग्राम न्यायालय शुरू कराने के लिए जगह का निरीक्षण किया। तहसील में न्यायालय शुरू होने के बाद किसानों को मुख्यालय की दौड़ नही लगानी पड़ेगी। इस मौके पर नायब तहसीलदार मोहित लाल वर्मा समेत अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।