तालग्राम विकास खंड के लोहिया गांव समगुरा बहादुरपुर
में विकास कार्यों का निरीक्षण करने जिलाधिकारी पहुंचे। इस दौरान शौचालय के
गड्ढे छोटे मिले। इन्हें तोड़कर दोबारा बनवाने के निर्देश दिए। वहीं
आंगनबाड़ी कार्यकत्री रिकार्ड नहीं दिखा पाईं। इस पर जांच कर उसे हटाने के
निर्देश दिए।
इसके अलावा पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग के एक्सईएन और डीएचओ
के मौके पर न मिलने पर नाराजगी जताई। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर तीन
बजे डीएम का काफिला पहुंचा। इस दौरान डीएम को पीडी ने बताया कि एक करोड़ 26
लाख 70 हजार रुपये से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
20 लाख रुपये की लागत
से सात सड़कें 784 मीटर सीसी रोड बनवाई गई हैं। 145 शौचालय के लक्ष्य में
से 79 तैयार हैं, जबकि 66 अवशेष हैं। 13 लोहिया आवास और 12 इंदिरा आवास की
प्रथम किस्त खाते में भेजी गई है। डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री
मायादेवी व किरन से अति कुपोषित बच्चों की संख्या पूछी तो वे सही जवाब व
संख्या नहीं बता पाईं।
प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार बघेल ने
कहा कि कई बार रिकार्ड लाने को कहा गया पर नहीं दिखाए। सुपरवाइजर की
भूमिका भी उन्होंने संदिग्ध बताई। इस दौरान एसडीएम छिबरामऊ महेश प्रसाद
दीक्षित, बीईओ नीलम वर्मा, समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र गौतम, एडीओ पंचायत
संतोष दुबे, एडीओ आईएसबी सेवाराम, राकेश, करन सिंह और जसराम आदि मौजूद थे।