दिल्ली से लौटी किशोरी का जिला अस्पताल में थर्मल स्क्रीनिंग से जांच करता कर्मचारी
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। दो जून को दिल्ली से लौटा युवक कोरोना पॉजिटिव निकला। जांच रिपोर्ट आने के बाद उसे पूर्व में भर्ती भाई व भाभी के पास मेडिकल कालेज कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक दिल्ली से लौटने के बाद कई दिनों तक घर में रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंच कर संपर्क में आए लोगों की खोज शुरू कर दी है।
तालग्राम ब्लॉक क्षेत्र के गांव महोना निवासी 26 वर्षीय युवक दिल्ली से दो जून को लौटा था। इसी तारीख को युवक के भाई भाभी का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चार जून को दोनों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। भाई व भाभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद छोटे भाई का सैंपल चार जून को लिया गया था। तब से युवक मानीमऊ में क्वारंटीन था।
मंगलवार को रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य टीम मानीमऊ के क्वारंटीन सेंटर पहुंची। युवक से जानकारी लेने के बाद उसे एंबुलेंस से मेडिकल कालेज ले जाया गया। युवक को भी भाई, भाभी के पास मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 103 पहुंच गई है। 44 संक्रमित ठीक होकर घर भेजे जा चुके हैं और 59 संक्रमित अस्पतालों में भर्ती हैं। जिले में अब तक 4222 लोगों के सैंपल लिए गए जिसमें 3831 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कन्नौज। महोना गांव में पाजिटिव निकले युवक का पिता चार जून को घर से भाग गया था, वह न तो कोरोना की जांच कराना चाहता है न ही अस्पताल में भर्ती होना चाहता है। कई बार स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसकी खोज की पर कोई पता नहीं चला।
मंगलवार को दूसरे पुत्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आ जाने के बाद महोना के ग्राम प्रधान ने वृद्ध को खोज निकाला। कोरोना के नोडल अधिकारी डा. केसी राय ने स्वास्थ्य टीम को भेज वृद्ध का सैंपल कराया है। संवाद