छिबरामऊ। तहसील सभागार में हुई समीक्षा बैठक में एसडीएम देवेश गुप्ता ने सभी को कोरोना वैक्सीन लगवाने के निर्देश दिए। वहीं छिबरामऊ तहसील में 1733 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
सोमवार को समीक्षा बैठक के बाद एसडीएम देवेश गुप्ता ने बताया कि सौरिख ब्लाक में 953, तालग्राम में 200, छिबरामऊ में 382 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। नगरीय क्षेत्र में तालग्राम में दस, समधन में तीन, छिबरामऊ में 61, गुरसहायगंज में 19, सिकंदरपुर में 105 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। सौरिख शून्य रहा। उन्होंने बताया कि सौरिख के ईओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा गया है।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि 18 प्लस में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 154 लोगाें ने और सौ शय्या चिकित्सालय में 90 लोगों ने टीकाकरण कराया। इस संबंध में नगर पंचायत सौरिख के चेयरमैन संजय चतुर्वेदी ने बताया कि ईओ की ओर से कोई सूचना नहीं दी जा रही है। उनके न आने से सभी काम ठप पड़े हुए हैं। विकास कार्य भी पूरी तरह से प्रभावित हैं।
नगर पंचायत सिकंदरपुर में टीकाकरण के दौरान निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम देवेश गुप्ता तथा तहसीलदार अभिमन्यु कुमार ने टीकाकरण कार्य में जागरुकता के लिए सभासद राजू गुप्ता, सत्यपाल यादव, राधारानी व मौर्यश्री को टीकाकरण किट दीं। नगर के लोगों को जागरूक करने के लिए कहा। इस अवसर पर ईओ प्रदीप कुमार, अखिलेश कुमार व कई कर्मी मौजूद रहे। खड़िनी प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय गुबरिया में लगे कैंप में 330 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। एसडीएम देवेश गुप्ता तथा प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अजहर सिद्दीकी ने ग्राम प्रधान की पीठ थपथपाई।