हसेरन (कन्नौज)। मुंबई और कोलकाता में बकरों की खरीद फरोख्त करने गए चार गांवों के 12 कारोबारी पॉजिटिव निकल आए हैं। प्रशासन ने गांवों को हॉटस्पॉट घोषित कर मरीजों को कोविड-19 अस्पताल भेज दिया है। आगरा में भी सौरिख का एक व्यक्ति पॉजिटिव निकला है। इलाज के बाद मंगलवार को 22 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई।
बकरीद से पहले इलाके के खरगपुर के पांच हसेरन के चार, मढ़पुरा, नादेमऊ व मलिकपुर के एक एक व्यापारी मुंबई, कोलकाता गई थी। सीएचसी प्रभारी जगदीश निर्मल ने बताया कि सभी को आइसोलेशन में भेजा जा रहा है। व्यापारियों के संपर्क में आए 69 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। संक्रमितों के आवास के आसपास का क्षेत्र भी सील करवा दिया गया है। उधर एसडीएम गौरव शुक्ला ने बताया कि सौरिख क्षेत्र के गांव को सैनिटाइज और सील कराया जा रहा है।
घिलोई गांव में 130 लोगों की जांच
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. राहुल मिश्रा के निर्देश पर डा. पवन त्रिपाठी, डा. अजय कुमार, एलटी सुधा सिंह, वेदपाल की टीम ने ग्राम घिलोई में शिविर लगाकर 120 लोगों की एंटीजन किट से जांच की। जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। उधर दूसरी तरफ जांच के लिए स्वास्थ्य टीम के आने की सूचना मिलते ही गांव के लोग इधर उधर हो गए। ग्राम प्रधान अवनीश दुबे उर्फ छोटे भइया, डा. रजनीश दुबे, आशा कार्यकत्री रेखा दुबे, विद्याभूषण दुबे, गौरव दुबे, आदित्य दुबे, अजय दुबे, विनय, विकस, सचिन, चंद्रभान शाक्य, सौरभ शाक्य, पूर्व प्रधान जगदीश चंद्र शाक्य व प्रेमपुर चौकी इंचार्ज योगेंद्र शर्मा ने लोगों को जागरूक कर जांच के लिए शिविर तक पहुंचाया।
तीसरी बार सील हुआ सराफा बाजार
मोहल्ला बाजार कला में युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद नगर के सराफा बाजार को एक बार फिर सील कर बंद कर दिया गया है। आए दिन से परेशान सराफा व्यापारियों ने एसडीएम गौरव शुक्ला से मिलकर वार्ता की। एसडीएम ने बताया कि सरकारी गाइडलाइन के अनुसार ही सराफा बाजार को 14 दिनों तक के लिए सील किया गया है। इससे पहले गल्ला मंडी व मोहल्ला कटरा में कोरोना संक्रमित मिलने के कारण दो बार सराफा बाजार पहले ही सील किया जा चुका है।
छिबरामऊ। नगर पालिका के पॉजिटिव चतुर्थश्रेणी कर्मी कोकांशीराम कालोनी के ब्लाक 12 में क्वारंटीन करने से तीन मंजिला ब्लाक के 11 परिवार दहशत में हैं। कुछ परिवार ने घर छोड़कर सड़कों पर डेरा डाल दिया है। कुछ रिश्तेदारियों में चले गए हैं। सड़क पर रह रहे लोगों ने एसडीएम गौरव शुक्ला से कोरोना संक्रमित को दूसरी जगह होम क्वारंटीन कराने की मांग की है। देर शाम एसडीएम ने पाजिटिव को कोविड अस्पताल भेज दिया। संवाद