तिर्वा। सुबह से क्षेत्र में छह घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे भीषण गर्मी के बीच हालात और बिगड़ गए। अचानक हुई लंबी कटौती ने लोगों का जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। इसको लेकर उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश है।
बत्ती न होने से पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। इससे लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा। घरों में कूलर, पंखे और अन्य उपकरण बंद होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का कामकाज भी प्रभावित रहा, जिससे आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
कस्बे के गौरव, मनीष, सत्यम, गोविंद आदि व्यापारियों ने बताया कि दूध, आइसक्रीम समेत अन्य उत्पादों की बिक्री करते है। वैकल्पिक व्यवस्था न होने पर बिजली पर ही निर्भरता है ऐसे में बिजली कटौती से रोजाना नुकसान हो रहा है। लोगों का आरोप है कि बिना सूचना के बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। लगातार बढ़ रही बिजली कटौती से उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। एसडीओ सतीश चंद्र ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई कुछ समय बाद बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी गई।
लो वोल्टेज और अघोषित कटौती से हाहाकार
जलालालाबाद। लगातार लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती के कारण उपभोक्ता परेशान हैं। वहीं, पेयजल संकट ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। गुगरापुर उपकेंद्र में शुक्रवार को विभागीय कार्य के चलते पूरे दिन बिजली आपूर्ति ठप रही। उपभोक्ता रंजीत चौरसिया, सत्यम पाठक, अनुपम तिवारी और राजन कटियार ने बताया कि दिनभर बिजली न रहने से घरेलू कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया। उपकेंद्र में लगे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के चलते पिछले 15 दिनों से लो वोल्टेज की समस्या है। दुकानदारों का कहना है कि कम वोल्टेज के कारण फ्रिज, पंखे और अन्य उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। एसडीओ पंकज चौधरी ने बताया कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के कारण लो-वोल्टेज आ रहे हैं। जल्द ही उसे सही करा दिया जाएगा।