छिबरामऊ। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की नियत से निर्माण कराए जाने शिकायत पर एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण रुकवा दिया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल को निलंबित कर दिया है।
ग्राम भोजपुर निगोह निवासी प्रदीप कुमार, अशोक कुमार, अनिल कुमार व रामगोपाल ने एसडीएम से शिकायत करते हुए बताया कि पशुचर व खाद की गड्ढों की जमीन है। इस जमीन पर वह लोग जानवर बांधने के साथ ही घूरा डालते हैं। आरोप है कि गांव प्रधान व क्षेत्रीय लेखपाल को पैसे देकर गांव का ही एक व्यक्ति जमीन पर निर्माण कराकर कब्जा कर रहा है। सरकारी जमीन के पास में ही उन लोगों की निजी आराजी है। उनकी भी जमीन को जबरिया घेर रहा है। पैसे लेने के कारण न तो प्रधान कोई कार्रवाई कर रहा है और न ही लेखपाल। विरोध करने पर कब्जा करने वाला व्यक्ति उन लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो सरकारी जमीन पर निर्माण हो रहा था। निर्माण रुकवा दिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने पर क्षेत्रीय लेखपाल हरिनारायन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।