कन्नौज। प्रदेश नेतृत्व की अपील पर बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिलाध्यक्ष मो. शाकिर हुसैन एडवोकेट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक सद्बुद्धि पद यात्रा निकाली। यह यात्रा तिर्वा क्रॉसिंग सरायमीरा से शुरू होकर कालिका देवी शंकर मंदिर पर जाकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में आरएसएस और बीजेपी की मिलीभगत से श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चंदे, दान और बहुमूल्य आभूषणों की चोरी व गबन किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आस्था के केंद्र में इस तरह की वित्तीय अनियमितता देश के करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। इस विरोध प्रदर्शन और पद यात्रा में कांग्रेस और उसके अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
यात्रा में मुख्य रूप से एनएसयूआई जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह धनगर, ब्लॉक अध्यक्ष इमरान अली, जिला उपाध्यक्ष एहसानुल हक, जिला उपाध्यक्ष फैसल खान एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष सर्वेश यादव और जिला महासचिव संदीप पाठक शामिल रहे। इसके अलावा जिला सचिव फहद हुसैन गुड्डू गांधी, सत्यप्रकाश, अल्पसंख्यक प्रदेश सचिव सरफराज हुसैन, मो. आमिर अंसारी एडवोकेट, निःशक्तजन जिला अध्यक्ष आकाश कटियार आदि मौजूद रहे।