कन्नौज। गोशालाओं में संरक्षित गोवंशों के लिए ठंड से बचाव के किए गए इंतजामों का सीडीओ ने वीडियो काॅफ्रेसिंग के जरिए बुधवार को जांच की। जांच में 159 में से 25 गोशालाओं में ही ठंड से बचाव के इंतजाम मिले। इस पर सीडीओ ने गहरी नाराजगी जताई और गोशालाओं की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सीडीओ रामकृपाल चौधरी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी की मौजूदगी में सभी खंड विकास अधिकारी, उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, पशुचिकित्साधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले की 159 गो आश्रय स्थलों की समीक्षा की। समीक्षा में 25 गो आश्रय स्थलों में गोवंशों को ठंड से बचाव के इंतजाम पाए गए। समीक्षा के दौरान सीडीओ ने दो दिन में गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गोवंश आश्रय स्थलों में कैमरा स्थापित कराने तथा कार्यदायी संस्था से स्थापित कैमरों को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में लाॅगिन कराने के निर्देश दिए। जिससे गोवंश आश्रय स्थलों की निगरानी की जा सके। उन्होंने गोवंश आश्रय स्थलों से जुड़ी भूमि में जई, बरसीम की बोआई कर गोवंशों को आहार के रूप में भूसे के साथ हरा चारा खिलाने के निर्देश दिए।