सौरिख। नादेमऊ चौकी के गांव पड़ाेखर में चकरोड के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों ओर से छह लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने मंगलवार को थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष के लालाराम राजपूत ने बताया कि 14 जुलाई की सुबह आठ बजे वह खेत पर गया था। आरोप है कि गांव के ही हरिश्चंद्र, कमलेश तथा महेंद्र व विजय चकरोड के विवाद को लेकर गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर इन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीचबचाव करने पहुंची ममता देवी, राजेश और अवधेश के साथ भी मारपीट कर दी, जिससे सभी घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के हरिश्चंद्र ने बताया कि वह खेत की जोताई कर रहे थे।
इसी दौरान लालाराम, बबलू, इंद्रपाल और राजेश चक रोड के विवाद को लेकर गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर इन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट कर दी, जिससे कई लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।