कन्नौज। किशोरी की शादी कराने के मामले में माता-पिता और दूल्हा समेत परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मेडिकल परीक्षण में किशोरी की उम्र 17 वर्ष होने की पुष्टि हुई है। अब गठित टीम पूरे मामले की जांच करेगी। जबरन किशोरी की शादी कराने में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
25 दिसंबर को जिला अस्पताल में तैनात सफाई कर्मचारी ने छिबरामऊ के सिंकदरपुर में रहने वाले 25 वर्षीय युवक से बेटी की जबरिया शादी कर दी थी। इसकी सूचना मिलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रवेंद सिंह पुलिस के साथ पहुंचे थे। इससे पहले दूल्हा विदा कर किशोरी को अपने साथ ले गया था। टीम सिकंदरपुर पहुंच कर किशोरी को अपने साथ ले आई थी। आशा ज्योति केंद्र में रखने के बाद मेडिकल परीक्षण कराया गया था। बुधवार को आई रिपोर्ट में बालिका वधू की उम्र 17 वर्ष निकली।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी। जबरन किशोरी की शादी कराने में शामिल लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।