सौरिख। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर युवा कल्याण विभाग की ओर से शनिवार को जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया।
पुरुष वर्ग में अंडर-16 कबड्डी फाइनल प्रतियोगिता तिर्वा ब्लॉक और छिबरामऊ ब्लॉक के बीच खेला गया। इसमें छिबरामऊ ब्लॉक ने तिर्वा ब्लॉक को 13-11 से हराया। वहीं, महिला वर्ग में अंडर-14 कबड्डी लीग का फाइनल मुकाबला तिर्वा और कन्नौज ब्लॉक के बीच खेला गया। तिर्वा ब्लॉक ने कन्नौज को 17-9 से हराकर फाइनल मुकाबला जीता। प्रतियोगिता में तिर्वा ब्लॉक से अनुज यादव व हिमांशु यादव, कन्नौज से अभिषेक दुबे तथा छिबरामऊ ब्लॉक से हर्षित व दुर्गेश यादव ने कोच की भूमिका निभाई। इससे पहले विधायक कैलाश राजपूत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। समापन पर युवा कल्याण विभाग की ब्लॉक ऑफिसर अंकिता श्रीवास्तव ने पुरस्कार वितरण किया। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी नूर हसन, जिला पंचायत सदस्य पंकज राजपूत, टीटू चौहान, लालू राजपूत आदि मौजूद रहे।