छिबरामऊ(कन्नौज)। वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों ने सिकंदरपुर चौकी इंचार्ज के साथ हाथापाई कर दी। पुलिस ने दोनों युवकों को दबोच लिया। इन्हें कोतवाली लाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में व्यवधान सहित संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलवार को सिकंदरपुर चौकी इंचार्ज नौली तिराहा स्थित शीतला मंदिर के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी बाइक से नौली निवासी प्रवीण व नवीन मिश्रा पुत्रगण श्रीकृष्ण दत्त मिश्रा आ गए। पुलिस ने इन्हें रोककर बाइक के कागजात मांगे तो विवाद हो गया। इसी बीच एक युवक ने चौकी इंचार्ज के साथ हाथापाई कर दी। पुलिस दोनों आरोपियों को अपने साथ कोतवाली ले आई।
यहां चौकी इंचार्ज नवीन कुमार ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में व्यवधान सहित संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी युवकों को जेल भेजा जाएगा।