कन्नौज। अफसरों को कड़ाके की ठंड में गोवंशों के बीमार पड़ने का खतरा सता रहा है। डीएम ने सभी बीडीओ को खुले में घूमने वाले गोवंशों को पकड़कर गोशाला पहुंचाने के आदेश दिए थे। इससे कि कोई गोवंश बीमार न पड़ सके। इसके बाद भी सड़कों पर छुट्टा मवेशी नजर आ रहे हैं। इस मामले में सीडीओ ने सभी बीडीओ को नोटिस भी जारी किया है। साथ ही लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सीडीओ प्रेम प्रकाश त्रिपाठी ने सभी बीडीओ को नोटिस भेजा है। इसमें कहा है कि डीएम के आदेश के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में गोवंश घूम रहे हैं। इन्हें पकड़ने को लेकर कई ब्लाकों की प्रगति शून्य है। यह लापरवाही का नतीजा है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में खुले में घूम रहे गोवंशों को पकड़कर पास की गोशाला में शिफ्ट करें। साथ ही गोशाला में तिरपाल, भूसा व पानी का पर्याप्त इंतजाम रखें। इससे कि गोवंशों को सर्दी न लग सके। साथ ही कहा है कि जिन गोशालाओं में क्षमता से अधिक गोवंश हैं, वहां से गोवंशों को कम संख्या वाली गोशाला में शिफ्ट किया जाए। निरीक्षण में लापरवाही मिलने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन पहले डीएम ने निराश्रित व बेसहारा मवेशियों की बिंदुवार समीक्षा की थी। इसमें विकास खंड उमर्दा, सौरिख, कन्नौज व गुगरापुर की प्रगति शून्य पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की थी। साथ ही सीडीओ व मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को कार्रवाई के आदेश दिए थे।