तिर्वा। सड़क पर ईंटों से भरी खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार टकरा गई। ट्रैक्टर खराब होने के कारण सड़क के बीच में खड़ा था। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई और उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
ठठिया क्षेत्र के श्यामपुर गांव निवासी हिमांशु (24) अपनी कार से गांव के अमित यादव (35), राम (29) व प्रांशु (15) के साथ रविवार देर शाम को होटल पर खाना खाने के लिए तिर्वा गया था। तिर्वा-ठठिया मार्ग से वापस घर आते समय ग्राम पट्टी के निकट सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार टकरा गई। हादसे के बाद कार सड़क के दूसरी ओर एक घर में जा घुसी। हादसे में कार सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोग घायलों को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टर ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल अमित व प्रांशु की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली की बेयरिंग टूट जाने के कारण सड़क के बीच में खड़ा था। रात का समय होने से चालक कार को नियंत्रित नहीं कर पाया और ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।