तालग्राम। डीआईजी कानपुर रेंज जोगेंद्र कुमार ने गुरुवार को थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। जमानत पर जेल से बाहर घूम रहे टाॅप टेन अपराधियों की जमानत निरस्त कराने के निर्देश थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया को दिए। उन्होंने कहा कि अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। कस्बे में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया।
डीआईजी अचानक तालग्राम थाना पहुंचे और कार्यालय के अभिलेखों को बारीकी से देखा। हवालात, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क, आरक्षी बैरक, भोजनालय एवं थाना परिसर का निरीक्षण कर साफसफाई रखने के निर्देश दिए। उपनिरीक्षकों को विवेचनाओं के जल्द निस्तारण का निर्देश दिया। पुलिस कर्मियों को बीट क्षेत्र में अपराधियों की जानकारी रखने व उनसे संबंधित बीट दर्ज कराने, शांति व्यवस्था बनाए रखने के भी दिशा निर्देश दिए।
महिला संबंधी अपराधों मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन व आत्मनिर्भर बनाने के लिए जागरूक करने के आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस फोर्स के साथ कस्बा का पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को भी सुरक्षा का अहसास कराया। इस दौरान उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र, संतोष कुमार, सौरभ शर्मा, अनूप कुमार मौजूद रहे।