पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर क्षेत्र के ग्राम
बहवलपुर में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाने का कारोबार चल रहा था। पुलिस
अधीक्षक के निर्देश पर सीओ के नेतृत्व में गुरुवार की देर शाम भारी पुलिस
बल की मौजूदगी में गांव में छापा मारा गया।
पुलिस आने की भनक लगते ही
शराब बना रहे लोग गांव छोड़कर फरार हो गए। पुलिस को मौके से भारी मात्रा
में शराब और उसे बनाने के उपकरण बरामद हुए। पुलिस ने शराब बनाने की
भट्ठियों को तोड़कर तहस-नहस कर दिया। मौके से बरामद हजारों लीटर लहन
नालियों में बहा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, सीओ वीपी सिंह सोलंकी के
नेतृत्व में गुरुवार की शाम ग्राम बहवलपुर में कोतवाली पुलिस ने छापा मारा।
गांव पहुंचने पर पुलिस ने दो टीमें गठित की। एक टीम का नेतृत्व स्वयं सीओ
ने संभाला, जबकि दूसरी टीम की जिम्मेदारी कोतवाल अरविंद मोहन जायसवाल को
सौंपी।
दोनों टीमों ने गांव की गिहार कालोनी को चारों तरफ से घेर लिया।
पुलिस ने संभावित घरों में घुसकर दबिश दी। इस दौरान पुलिस को लगभग ढाई
सौ लीटर बनी हुई कच्ची शराब बरामद हुई, जबकि शराब बनाने के प्रयोग में आने
वाला लगभग पांच हजार लीटर लहन भी मिला। जिसे मौके पर ही नालियों में बहाकर
नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने शराब बनाने की भट्ठियों को तोड़ कर नष्ट कर
दिया। मौके से शराब बनाने के उपकरण और भारी मात्रा में बरामद डिब्बों को
पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली में भरवाकर कोतवाली भिजवाया। हालांकि, छापा मार
कार्रवाई के दौरान कोई भी पुरूष पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा।
देर रात तक
पुलिस यह जानने में जुटी थी जिन घरों से शराब उसे बनाने के उपकरण आदि बरामद
हुआ है, उनके गृहस्वामी कौन हैं। सीओ ने बताया कि जिन घरों में शराब का
अवैध कारोबार चलते पाया गया है। उनके मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।