पंचायत चुनाव में नामांकन के पहले दिन विकास खंड
क्षेत्र के 96 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए 403 और सदस्य पद के
लिए 232 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। विकास खंड सौरिख
में प्रधान पद के 366 और सदस्य पद के 147 नामांकन हुए। 20 नवंबर को नामांकन
का अंतिम दिन है।
विकास खंड क्षेत्र में ग्राम पंचायत प्रधान पद के
लिए 96 सीटें हैं। इनके लिए गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले
दिन प्रधान पद के लिए 403 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जबकि ग्राम
पंचायत सदस्य पद के 1184 पदों के लिए 232 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
नामांकन के पहले दिन कई ग्राम पंचायतों में सदस्य पद पर एक भी नामांकन नहीं
हो सका। उधर, विकास खंड सौरिख में प्रधान पद की 68 सीटों के लिए 366 और
ग्राम पंचायत सदस्य पद की 838 सीटों के लिए 147 प्रत्याशियों ने अपना
नामांकन किया। नामांकन के लिए ब्लाक परिसर में न्याय पंचायत बार दस टेबलें
लगाई गई हैं।
उधर, नामांकन के पहले दिन जनसैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ को
व्यवस्थित करने को पुलिस ने प्रत्याशी व उसके प्रस्ताव को ही अंदर जाने
दिया। एसडीएम और सीओ ने व्यवस्था का जायजा लिया। दोपहर बाद सीडीओ उदयराज
यादव ने ब्लाक मुख्यालय पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण कर अफसरों
को निर्देश दिए।
पुलिस ने नामांकन के लिए बैरीकेडिंग कर अंदर सिर्फ
प्रत्याशी व उसके प्रस्तावक को ही जाने की इजाजत दी। एसडीएम महेश प्रसाद
दीक्षित, बीडीओ अनिल पूरे समय व्यवस्था में जुटे रहे। सुरक्षा व्यवस्था
चाकचौबंद बनाए रखने को सीओ वीपी सिंह सोलंकी और कोतवाल अरविंद मोहन जायसवाल
पूरे दिन नामांकन स्थल पर डटे रहे।
उधर, विकास खंड क्षेत्र में ग्राम
प्रधान पद के लिए तो हर गांव में मारामारी है, जबकि पंचायत सदस्य पद पर कोई
भी दिलचस्पी नहीं ले रहा है, जिससे नामांकन पत्रों की बिक्री काफी कम हुई।
अफसरों ने सदस्य पद के प्रत्याशी से नोड्यूज के स्थान पर घोषणा पत्र लगाने
और जमानत धनराशि बैंक में जमा न कर सीधे नगद जमा कराने की सुविधा मुहैया
कराई।