कन्नौज। ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से जनता सेवा योजना की शुरुआत की गई है। गुरुवार से जिले के ग्रामीण अंचलों के निर्धारित तीन रूटों पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
फिलहाल निर्धारित रूटों पर एक-एक बस चलाकर ट्रायल किया जाएगा। इसके बाद समय, स्टापेज, फेरे आदि तय कर नियमित सेवा शुरू की जाएगी। जनता सेवा बसों का किराया रोडवेज बसों के सामान्य किराये से 20 फीसदी कम रखा गया है।
उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के निर्देश पर जिले में तीन रूट बनाए गए हैं। रूट एक की बस मुख्यालय से 72 किलोमीटर का सफर तय कर सौरिख, खड़िनी, चपुन्ना तक जाएगी। रूट दो की बस मुख्यालय से 82 किलोमीटर चलकर तिर्वा, इंदरगढ़, सौरिख होते हुए सकरावा तक जाएगी।
वहीं रूट तीन की बस जिला मुख्यालय से शुरू होकर गुरसहायगंज, तेराजाकेट, तालग्राम, ताहपुर तक 80 किलाेमीटर का सफर कराएगी। एआरएम अभिषेक बाजपेई ने बताया कि एक जनवरी को सभी रूटों पर एक-एक बस का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मुख्यालय तक पहुंचने के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी।