तालग्राम। दिल्ली से 80 सवारियों को लेकर गुरुवार को सिद्धार्थ नगर जा रही बस के चालक को झपकी आने से तालग्राम शकरहनी गांव के पास ट्रक के पीछे जा भिड़ी। हादसे में तीन सवारियां मामूली रूप से घायल हो गई। चालक-परिचालक मौके से भाग गए।
यूपीडा कर्मचारियों ने बताया कि प्राइवेट बस दिल्ली से 80 सवारियों को लेकर सिद्धार्थ नगर के बासी जा रही थी। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना तालग्राम के शकरहनी गांव के पास भोर में 4.30 बजे चालक को झपकी आने और ओवर स्पीड के कारण बस आगे चल रहे ट्रक के पीछे से टकरा गई। इससे बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और तीन सवारियों के मामूली चोट आई। उन तीनों का प्राथमिक उपचार एंबुलेंस ईएमटी से कराया गया। मौके से बस चालक व परिचालक भाग गए।
सूचना पर यूपीडा सहायक सुरक्षा अधिकारी ओमप्रकाश सिंह, एटलस सेफ्टी टीम, तालग्राम पुलिस और डायल 112 के सुखवीर सिंह मौके पर पहुंचे। वाटर बेरियर लगवाकर बेटन लाइट का प्रयोग किया। क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया गया है। थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया का कहना है कि बस मालिक को हादसे की जानकारी दी गई है। सवारियों को दूसरी बस से भेजा गया है।