जलालाबाद। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव मसीटपुरवा में शुक्रवार को गांव के कुछ लोगों ने अन्ना सांड़ को आग लगाकर मार डाला। उसके गले में साइकिल के जलते टायर पड़े होने के कारण सांड काफी देर इधर-उधर भागता रहा। हालांकि कुछ लोगों ने सांड को रोककर लग्गी से जलते टायर को गले से बाहर निकाला। थोड़ी दूर जाने के बाद गांव के पश्चिम पानी की टंकी के आगे सर्वेश पाल के खेत में गिर गया। कुछ देर बाद सांड की तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
गांव के धर्मेंद्र दोहरे, रतीराम पाल,नीरज यादव,कलियान सिंह,राजेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11 बजे एक सांड़ के गले में दो साइकिल के जलते टायर गले में पड़े थे। आग से भयभीत सांड़ इधर-उधर भाग रहा था, आग की लपटों से घिरे सांड़ को बनियानी गांव निवासी राजमिस्त्री सतीश जो मकान में लेंटर डाल रहे थे। उसने लग्गी लेकर सांड के गले से टायरों को निकाला। गांव के लोगों ने बेजुबान पशु के साथ अमानवीय कृत्य की घोर निंदा की है। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि सांड़ को जलाकर मार देना अपराध है। दोषियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा। गुरसहायगंज कोतवाल आलोक दुबे को घटना की जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।