जीटी रोड पर तख्त डालकर जाम लगाए ग्रामीण।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। हाईटेंशन लाइन पोल के सपोर्टिंग तार से करंट उतरने से दो भैंसों की मौत हो गई। इससे गुस्साए गांव के लोगों ने जिपं सदस्य के नेतृत्व में जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे तक जीटी रोड जाम रहा। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने गांव के लोगों को समझा कर जाम खुलवाया।
प्रेमपुर कस्बे में जीटी रोड से फरीदपुर मार्ग पर माइनर के किनारे 11 हजार केवी विद्युत लाइन का पोल है। इस पोल से कुछ दूरी पर राजेश यादव की भैंसें बंधी थीं। बरसात के चलते लोहे के पोल से जुड़े सपोर्टिंग तार से करंट उतर आया। झनझनाहट महसूस होने पर आसपास बैठे लोग भाग खड़े हुए। जमीन में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से राजेश की दोनों भैंसें छटपटाने लगीं। ग्रामीणों ने बिजली घर फोन कर सप्लाई बंद कराई। तब तक दोनों की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए लोग जीटी रोड पर आ गए। इन्होंने जिला पंचायत सदस्य प्रमोद यादव के नेतृत्व में जीटी रोड पर तख्त डालकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज योगेंद्र शर्मा ने वार्ता के लिए सक्षम अधिकारियों को बुलवाने का आश्वासन देकर लगभग एक घंटे बाद जाम खुलवाया। लेखपाल विशाल चौरसिया ने मौके पर पहुंचकर करंट से हुए नुकसान का जायजा लिया।
पोल के सपोर्टिंग तार में नहीं लगा था इंसुलेटर
गांव के लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया कि पोल के सपोर्टिंग तार में इंसुलेटर नहीं लगा था। इससे आए दिन स्पार्किंग होती थी। बिजली कर्मियों से कई बार शिकायत की गई। सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित राजेश यादव का कहना था कि समय रहते विभाग ने इंसुलेटर लगवा दिया होता तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।