विकास खंड तालग्राम के सीडीओ की ओर से गोद लिए गांव भवानी सरायं में राजकीय नलकूप की मोटर फुंकने से आजिज किसानों ने बुधवार को हंगामा किया। ग्रामीणों ने नलकूप की मोटर ठीक कराने की मांग उठाई है।
गांव निवासी मोतीलाल, शिव कुमार, संजीव, राज बहादुर, बबलू व रामसागर ने बताया कि गांव में लगा राजकीय नलकूप संख्या 66 की मोटर 20 दिन से खराब है। किसानों की आलू की फसलें सूख रही हैं। बताया कि महीने में कई बार मोटर फुंक जाती है। इससे सिंचाई के लिए किसान परेशान रहते हैं। नलकूप पर तैनात आपरेटर से शिकायत के बावजूद मोटर सही नहीं की जा रही है। गांव के आत्माराम, मिजाजीलाल, कमलेश, कल्याण सिंह, दिलीप कुमार का कहना है कि सैकड़ों बीघा आलू की फसल सूख रही है। वहीं गेहूं की पलेवा के लिए किसान लेट हो रहे हैं।
ग्राम प्रधान विजय कनौजिया ने बताया कि कई बार जेई से लेकर अवर अभियंता तक शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद नई मोटर नहीं लगाई जा रही है। अगर अबकी बार गुणवत्ता विहीन मोटर रखी गई तो डीएम से शिकायत करेंगे।
नलकूप आपरेटर गुरुकेश का कहना है कि मोटर बार-बार फुंक रही है। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। वहीं किसान अब मोटर बदलने के लिए मोटर खोलने नहीं दे रहे हैं। वह नई मोटर की मांग कर रहे हैं।