विद्यालय में शिक्षकों और बच्चों से जानकारी लेते बीईओ।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
प्रधानाध्यापक की पिटाई के बाद छह दिन से प्राथमिक विद्यालय चौहनापुर में ताला लगा था। बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी टीचरों को लेकर स्कूल पहुंचे और ताला खुलवाकर शिक्षण कार्य शुरू कराया। बीईओ ने अभिभावकों और ग्रामीणों से भी वार्ता की और नियमित रूप से स्कूल खोलने के निर्देश दिए।
क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांकरकुई के प्राथमिक विद्यालय चौहनापुर में बुधवार की सुबह खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा पहुंचे। उन्होंने प्रधानाध्यापक शेरबहादुर सिंह समेत अन्य टीचरों को बुलाया और विद्यालय के ताले खुलवाए। हालांकि बीईओ के सामने एक भी बच्चा स्कूल नहीं आया था। इस पर उन्होंने गांव में घूमकर अभिभावकों से बात की। इसके बाद ही विद्यालय में बच्चे आने शुरू हुए। खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रधानपति भीमसेन शाक्य से वार्ता की और शिक्षकों की मदद करने के लिए कहा। ग्रामीणों ने भी बीईओ को सहयोग करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष अनीता देवी, शिक्षक नेता अशोक कुमार प्रजापति, अभिभावक रवि नायक, रामऔतार, रामनरेश, गुलाब सिंह, हाकिम सिंह, श्रीराम, शिवराज, अनिल व सर्वेश सिंह सहित कई लोग मौजूद थे। मालूम हो कि प्राथमिक विद्यालय चौहनापुर में दबंगों ने प्रधानाध्यापक की पिटाई कर दी थी, जिसमें सात नामजद और 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखंडप्रताप सिंह ने बताया कि मामले में समझौते के प्रयास चल रहे हैं। शीघ्र ही शिक्षण व्यवस्था पटरी पर लौट आएगी।
गिरफ्तार न होने पर शिक्षक करेंगे आंदोलन
हसेरन (ब्यूरो)। विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में चौहनापुर में ग्रामीणों ने शिक्षक के साथ मारपीट कर अभद्रता की थी। इस मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से शिक्षकों में रोष व्याप्त है। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी न हुई तो वह लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। समायोजित शिक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि चौहनापुर में शिक्षक के साथ हुई अभद्रता के मामले में सात नामजद व 11 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस की ढुलमुल नीति के कारण अभी तक एक भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने नामजद आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार न किया तो अध्यापक जनपद के समस्त विद्यालयों में शिक्षण कार्य बंद कर देंगे और माध्यमिक शिक्षक संघ के सहयोग से इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।