छिबरामऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शनिवार को कन्नौज पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत अधिवक्ता अनुज कुमार चतुर्वेदी के आवास पर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत अधिवक्ता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही इस दुख की घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की हत्या की घटना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना से सभी लोग आहत हैं। भाजपा पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस की ओर से कई आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। शेष दोषियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व वाली सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी अपराधी, गुंडे या माफिया को कानून से खिलवाड़ करने की छूट नहीं दी जाएगी।
हत्या में शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों को आश्वस्त किया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान परिजनों ने भी अपनी बात रखी। प्रदेश अध्यक्ष ने उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। इस मौके पर विधायक अर्चना पांडेय, गणेश शंकर चतुर्वेदी, रवि चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।