तिर्वा। घर छोड़ने के बहाने बाइक सवार युवकों ने बुजुर्ग से 13 हजार रुपये की टप्पेबाजी की और फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को घटना के 12 घंटे बाद ही पकड़ लिया और रुपये बरामद किए।
तिर्वा सीओ डॉ. प्रियंक बाजपेई ने बताया कि कानपुर के डेरापुर थाना क्षेत्र के मुर्रा गांव निवासी सुखलाल यादव शनिवार को ठठिया थाना क्षेत्र के अड्डापुर्वा गांव निवासी अपनी बेटी की ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान खैरनगर तिराहे पर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और घर तक छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठा लिया।
कुछ दूर चलकर बाइक सवार युवकों ने बुजुर्ग की जेब में पड़े 13040 रुपये निकाल लिए और बुजुर्ग को सड़क के किनारे उतारकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। घटना के 12 घंटे बाद पुलिस ने अड्डापुर्वा नहर के पुल के पास घटना में शामिल बाइक सवार दो युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम सरौली गांव निवासी अनार सिंह व गजेंद्र सिंह बताया। उनके पास से पुलिस ने 12,320 रुपये बरामद किए। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।