तिर्वा । नादेमऊ में सुभाष इंटर कॉलेज के सामने सोमवार शाम एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के मढ़पुरा गांव निवासी बिरजू (24) सोमवार शाम करीब छह बजे अपने चचेरे भाई सुंदर (17) के साथ बाइक से नादेमऊ से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह नादेमऊ में सुभाष इंटर कॉलेज के सामने पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने बिरजू को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सुंदर का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है। सौरिख थानाध्यक्ष जेपी गंगवार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।