गुरसहायगंज। दोस्त के साथ बीमार मां की मेडिकल स्टोर से दवा लेने जा रहे युवक की बाइक में कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। दोस्त घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़कर भाग निकला। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सूलनपुर निवासी राजकमल (18) पुत्र प्रेमपाल यादव सोमवार शाम छह बजे गांव में रहने वाले दोस्त आकाश पुत्र रामादीन के साथ बाइक से अपनी मां की गुरसहायगंज से दवा लेने जा रहे थे। इस्माइलपुर के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राजकमल की मौके मौत हो गई। दोस्त आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की खबर लगते ही राजकमल के परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल नागेंद्र पाठक ने घायल आकाश को सीएचसी में भर्ती कराया। उन्होंने कंटेनर को कब्जे में ले लिया। कोतवाल ने बताया कि राजकमल हेलमेट नहीं लगाए थे। सिर में गंभीर चोट आने से मौत हो गई।