छिबरामऊ। भाभी को लेकर फर्रुखाबाद जा रहे युवक की बाइक अचानक सामने आए जंगली सुअर से टकरा गई। हादसे में महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। इलाज के लिए सौ शैया अस्पताल ले गए। यहां पर डाॅक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
ग्राम खुबरियापुर निवासी मंशाराम किसी काम से अपनी भाभी शीला देवी (60) पत्नी दीपचंद्र को लेकर बाइक से फर्रुखाबाद जा रहे थे। फर्रुखाबाद रोड स्थित साईं मीर चौकी के निकट बाइक अचानक सामने जंगली सुअर आ गया, जिससे मंशाराम बाइक को नियंत्रित नहीं कर सका और उससे टकरा गया।
हादसे में पीछे बैठी शीला देवी बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरीं और सिर में गंभीर चोट आने से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने महिला को इलाज के लिए सौ शैया अस्पताल भिजवाया। यहां पर डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
परिजनों में चीख पुकार मच गई। प्रधान बबलू बाथम ने बताया कि शीला देवी के पति मेरठ में रहकर प्राइवेट गार्ड की नौकरी करते हैं। उनके तीन पुत्र सुनील, शिवकुमार, राज और बेटी रवीना व राजेश्वरी है। इनमें बेटियों की शादी हो चुकी है।