कलक्ट्रेट में अफसरों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र, साथ में एडीएम गजेंद्र कुमार ?
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कोरोना के दोबारा बढ़ते प्रभाव को देखते हुए मंगलवार शाम जिलाधिकारी ने अफसरों के साथ बैठक कर स्थितियां समझाईं। कहा कि कहीं भी भीड़ न जुटने दी जाए। मास्क का शत-प्रतिशत प्रयोग सुनिश्चित कराएं। जनपद में कोई भी नया आयोजन नहीं होना चाहिए। बिना मास्क के मंदिरों में प्रवेश न दिया जाए।
जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने कलक्ट्रेट सभागार में कानून व शांति व्यवस्था की भी बैठक की। उन्होंने कहा कि मंदिरों में भीड़ ज्यादा होने पर आने-जाने का रास्ता अलग कर सामाजिक दूरी का पालन कराएं। मेलों में दुकानों को निर्धारित दूरी पर लगवाया जाए। ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों को तय समय पर पहुंचने और मास्क का प्रयोग शत प्रतिशत सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया। अधिशासी अभियंता को मंदिर मार्गों पर साफ सफाई व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने कहा कि महाशिवरात्रि पर बैरिकेडिंग व्यवस्था कल तक सुनिश्चित कर लें। भीड़ से बचने के लिए जूते-चप्पल दुकानों पर न उतरवाए जाएं। मंदिरों में परिक्रमा मार्ग को स्पष्ट करने के लिए रस्सी बांधकर व्यवस्थित कराएं। मुख्य मार्गों पर परिवहन के लिए डायवर्जन प्लान पहले से तैयार रखें। इस दौरान लंबित वादों को जल्द निपटाने और शासकीय अधिवक्ताओं के मासिक कार्य विवरण पर भी चर्चा हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर, सभी थानाध्यक्ष एवं मंदिर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।