छिबरामऊ। क्षेत्र के पूरन-नगला गांव में खुद को लेखपाल बताकर टप्पेबाज ने सरकारी आवास दिलाने का झांसा दिया और महिला के जेवर लेकर चंपत हो गया। घटना के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसको सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया है।
सोमवार को क्षेत्र के ग्राम पूरन-नगला निवासी रतीराम की पत्नी प्रभा देवी (55) अपने घर पर अकेली थी। तभी एक युवक उसके पास आया और खुद को लेखपाल बताया। युवक ने महिला को उसकी कॉलोनी आने की बात बताते हुए 15 हजार रुपये की मांग की। महिला ने जब रुपये न होने की बात कही तो युवक ने उससे जेवर मंगाए। इससीदौरान प्रभा की बहन विमला पत्नी राम सागर भी वहां ंपहुंच गई। दोनों ने अपने जेवर टप्पेबाज युवक को थमा दिए।
इसेक बाद युवक ने प्रभा से आधार कार्ड लाने को कहा। वह जैसे ही आधार कार्ड लेने घर के अंदर गई, टप्पेबाज भाग निकला। टप्पेबाजी की जानकारी होने पर प्रभा के होश उड़ गए और वह जोर-जोर से रोने लगी। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे आनन-फानन में सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस संबंध में कोतवाल अजय पाठक ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।